झांसी में एक बाइक असंतुलित होकर ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 3 युवक ब्रिज से करीब 35 फीट नीचे गिरे। इसमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवकों की हालत नाजुक बनी है। हादसा मोंठ थाना क्षेत्र के भरोसा गांव के पास हुआ। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मौत के बाद घर पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
रिश्तेदारी में जा रहे थे तीनों युवक
गोरा मछिया गांव निवासी लाखन अहिरवार (32) पुत्र सुकई अहिरवार मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे रिश्तेदार टहरौली के मनीष और नेपान गांव के महेंद्र घर पर आए। दोनों लाखन को लेकर पचोवई गांव के लिए रवाना हुए थे। तीनों पचोवई में रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। रास्ते में भरोसा गांव के मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
ओवरब्रिज पर बाइक डिवाइडर से टकराया। इसके बाद बाइक ओवरब्रिज पर रह गई और टक्कर के बाद तीनों नीचे गिर गए। करीब 35 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां पर लाखन अहिरवार को मृत घोषित कर दिया।
3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
3 भाइयों में लाखन सबसे छोटा था। उसके छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं। दो बेटे 12 साल अनुराग, 8 साल का रोहन और 4 साल की बेटी शिवन्या पढ़ती है। पिता खेतीबाड़ी करते हैं। लाखन की मौत के बाद घर में कोहराम मचा है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.